शेयर करें...
रायपुर// जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में संभावित बगावत को कुचलने का अभियान जारी है। विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को निकालने के बाद पार्टी ने उनके चार घनघोर समर्थकों को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इधर, पार्टी के दूसरे विधायक प्रमोद शर्मा भी खुलकर धर्मजीत सिंह के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत हुआ है। पार्टी मुझे भी निकालना चाहती है तो निकाल दे।
बलौदाबाजार से JCCJ विधायक प्रमोद शर्मा ने कहा, मुझे तो न्यूज से पता चला कि हमारे विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है। इस खबर से मैं बहुत दुखी हूं। बिना बैठक के, बिना किसी की सहमति के इस प्रकार का निर्णय लेना बहुत ही गलत है। प्रमोद शर्मा ने कहा, मैं पूरी तरीके से धर्मजीत सिंह के साथ में हूं। अमित जोगी जी जो बाथरूम में बैठकर इस प्रकार का फैसला ले रहे हैं, वह नाजायज है। गलत है। मैं इसका विरोध करता हूं। अगर पार्टी मुझको भी निकालना चाहती है तो निकाल सकती है। वह स्वतंत्र है।
प्रमोद शर्मा ने दोहराया कि वे धर्मजीत सिंह के साथ हैं और साथ ही रहेंगे। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कोर ग्रुप ने रविवार देर शाम पार्टी विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह को निष्कासित कर दिया था। पार्टी की केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी को उनकी जगह पर विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी सूत्रों का कहना था, धर्मजीत सिंह और प्रमोद शर्मा मिलकर पार्टी का भाजपा के साथ विलय की कोशिश में थे। इसको रोकने के लिए पार्टी ने यह कदम उठाया है। फिलहाल घोषित रूप से धर्मजीत सिंह पर एससी, एसटी, ओबीसी समुदाय की अनदेखी और पार्टी के मूल सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया।
लोरमी के इन चार पदाधिकारियों को निकाला गया
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ -JCCJ के प्रदेश महामंत्री प्रशासन महेश देवांगन ने चार पदाधिकारियों को 6 साल तक के लिए निष्कासित करने का आदेश जारी किया है। इसमें लाेरमी के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश छाबड़ा भी शामिल हैं। छाबड़ा वहां विधायक धर्मजीत सिंह के प्रतिनिधि भी हैं। लाेरमी नगर पंचायत की अध्यक्ष अंकिता शुक्ला, उनके पति रवि शुक्ला और पार्षद सीमांत दास को भी पार्टी से निकाल दिया गया है। राकेश छाबड़ा पर 2020 में डीएवी स्कूल में घुसकर पीटी शिक्षक से मारपीट का आरोप है। उस समय साहू समाज उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़कों पर उतरा था।
कांग्रेस ने बताया अवसरवादियों का समूह
इस बीच प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस कोई राजनैतिक दल थोड़ी ही है। यह अवसरवादियों का एक समूह है। कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने और भाजपा की मदद करने के लिए इसका गठन हुआ। वह पूरा नहीं हो पाया। अब इनके आपसी हित टकरा रहे तो इनमें विघटन हो रहा है। यह सामान्य प्रक्रिया है। इस समूह में ऐसा एक न एक दिन होना ही था। इस बीच भाजपा ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है। विधायक धर्मजीत सिंह दोपहर बाद रायपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन कार्रवाईयों पर अपनी बात रखने वाले हैं।


