शेयर करें...
सरगांव। छत्तीसगढ़ गोधन न्याय योजना के अंतर्गत पशु पालक किसानों से उनकी दूधिया पशुओं के गोबर को खरीदने का कार्य किया जाएगा। इससे पशुपालक तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी। गोधनिया योजना के तहत राज्य के किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। परन्तु पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत ककेड़ी में दिनों हुई अधिक वर्षा से दस लाख रुपए की लागत से बने गौठान में पानी भरने व दलदल होने से मवेशियों को नही रखा जा रहा है। इससे मवेशी किसानों के फसलों को नुकसान पहुंचा रहे है। पशुपालक अपने मवेशियों को घर में रखने को मजबूर हो गए है। बता दे कि मवेशियों को रखने 17 जनवरी 2021 को पथरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत ककेड़ी में 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक पशु आश्रय स्थल गौठान का निर्माण ग्राम पंचायत के द्वारा करवाया गया था। गौठान का रखरखाव ग्राम पंचायत व गौठान समिति के सदस्यों के द्वारा सुचारू रूप से नहीं किया गया। गौठान में पानी निकासी की व्यवस्था नही होने से इन दिनों हुई अधिक वर्षा के कारण गौठान में जलभराव हो गया है। इससे गांव के किसान अपने मवेशियों को गौठान पर नहीं ला रहे हैं। किसानों को मवेशियों को घर पर रखने को मजबूर होना पड़ रहा है। इतना ही नही गौठान का जब निर्माण करवाया गया उस दौरान गौठान में फेंसिंग तार का घेरा नही करवाया गया है। गांव के ही एक किसान ने बताया कि जब से गौठान का निर्माण हुआ उसके बाद से कुछ महीनों तक ही गौठान में मवेशी आते थे। अभी सालों से गौठान में मवेशियों के आना जाना बंद है। हम किसान अपने मवेशियों को घर में रखने मजबूर हैं। ग्राम पंचायत व गौठान समिति का इस ओर किसी प्रकार का ध्यान नही है। इससे गांव के किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


