शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर के कोतवाली क्षेत्र के पचरीघाट के पास बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते बलवा हो गया। इस दौरान बदमाशों ने मिलकर एक युवक पर चाकू, तलवार व पाइप से हमला कर दिया। युवक के साथ बैठे दोस्त अपनी जान बचाकर भाग निकले। हमले में घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में चार हमलावरों को पकड़ लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के शनिचरी बाजार के पास रहने वाला विकास तिवारी मनिहारी दुकान में काम करता है। बुधवार की रात करीब 12.30 बजे वह अपने दोस्त सागर यादव, एकलव्य और सोनल के साथ पचरीघाट के पास बैठा था। उसी समय वहां संदीप महतो, शानू हुसैन, बालो यादव, राजीक शेखु आए।
इस दौरान पुरानी रंजिश को लेकर संदीप, शानू, बालो और राजीक ने विकास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर अंधेरे में ले जाकर विकास पर तलवार, चाकू व पाइप से हमला कर दिया। इससे विकास बुरी तरह घायल हो गया, उसके शरीर से काफी खून बह गया। वहीं उसके दोस्त मौके से भाग निकले। घटना की खबर लगते ही विकास के चाचा महेश तिवारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद विकास को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई, जिस पर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बलवा व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। विकास के बयान के आधार पर पुलिस ने 4 हमलावरों को गिरफ्तार किया है।
अंधेरे में खींचकर ले गए हमलावर, डर से भाग गए दोस्त
घायल विकास ने घटना को लेकर पुलिस को बताया है कि हमलावर युवक उसे खींच कर अंधेरे की तरफ ले गए थे। उस दौरान उसके दोस्त भी उसके साथ थे, लेकिन हमलावरों के हाथ में हथियार देख वो मौके से भाग निकले।
शहर में नहीं थम रहा गैंगवार
शहर में असामाजिक तत्व के युवक आए दिन गुंडागर्दी कर रहे हैं। बीते दिनों सिविल लाइन क्षेत्र के साथ ही तारबाहर थाने में युवकों ने सरेराह हथियार लेकर हंगामा मचाया था। इस बार हमलावरों ने विकास तिवारी को राज सोनी, शिबू खान लोगों के साथ घूमने का धौंस दिखाने की बात पर हमला किया है। इस घटना में भी गैंगवार करने वाले युवकों का नाम आ रहा है। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम नहीं बताया है।


