पैरालिंपिक खिलाड़ी को मारने की धमकी, संघ के अध्यक्ष-सचिव के खिलाफ शिकायत की तो घर पहुंचकर धमकाया, दोनों के खिलाफ केस दर्ज..

शेयर करें...

बिलासपुर// जिले में पैरालिंपिक व्हीलचेयर तलवारबाजी की राष्ट्रीय खिलाड़ी को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उन्हें धमकी किसी और ने नहीं बल्कि पैरालिंपिक व्हीलचेयर तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष और सचिव ने ही दी है। खिलाड़ी ने दोनों पर घर में घुसकर धमकाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। खिलाड़ी ने बताया कि सचिव और अध्यक्ष के खिलाफ उन्होंने खेल विभाग में शिकायत की थी। इसकी वजह से उन्होंने उसे धमकी दी है। महिला खिलाड़ी ने दोनों के खिलाफ सरकंडा थाने में केस दर्ज कराया है।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, सरकंडा के चिंगराजपारा निवासी दीक्षा तिवारी व्हीलचेयर तलवारबाजी की सीनियर खिलाड़ी हैं। अपने बेहतर प्रदर्शन से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी पुरस्कार प्राप्त किया है। इस बीच राज्य शासन ने शहीद राजीव पाण्डेय खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए विजेता खिलाड़ियों के नाम मंगाए, लेकिन जिला खेल संघ ने उनका नाम नहीं भेजा।

इसकी जानकारी जब दीक्षा तिवारी को लगी तो उन्होंने इस मामले की शिकायत रायपुर में खेल विभाग के अधिकारियों से कर दी। वहीं इस बात का पता जब 10 अक्टूबर को पैरालिंपिक व्हीलचेयर तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष डीआर साहू को लगा तो वे अपनी पत्नी जया साहू के साथ दीक्षा के घर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ी दीक्षा को धमकी देते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही खेल संघ को बदनाम करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।

सचिव भी घर पहुंच गया

मंगलवार को संघ के सचिव दीपक साहू भी दीक्षा के घर पहुंच गए। दीपक के साथ उनका साथी खिलाड़ी भी मौजूद था। दीपक ने भी दीक्षा को जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज करने लगे। दीपक ने दीक्षा को अपने साथ स्टेडियम चलने को भी कहा। फिर जब दीक्षा के परिचित घर पहुंचे तो दीपक और उनका साथी खिलाड़ी घर से चला गया। इसी बात से परेशान होकर दीक्षा ने मंगलवार को पूरे मामले की शिकायत सरकंडा थाना में दर्ज कराई है।

Scroll to Top