राष्ट्रीय सेवा योजना लेन्धरा इकाई का वनांचल ग्राम में शिविर आयोजित, गांव में साफ-सफाई के साथ लोगों को किया गया जागरूक..

शेयर करें...

रायगढ़// “कचरे से बीमारी और बदहाली आती है और स्वच्छता से सेहत और समृद्धि”- गांधी जी की इस परिकल्पना को साकार करने की जरूरत आज भी दूरस्थ व वनांचल स्थित ग्रामीण क्षेत्रों में है। रचनात्मक कार्य, जनजागरूकता एवं स्वच्छता संदेश के माध्यम से इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई लेन्धरा द्वारा विकासखण्ड बरमकेला अंतर्गत स्थित प्रकृति की गोद में बसे वनांचल ग्राम दानीघाटी में एक दिवसीय दिवा शिविर आयोजन किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के अवसर पर आयोजित इस शिविर में प्राचार्य राजकुमार पटेल के संरक्षण एवं कार्यक्रम अधिकारी बी.डी.मिश्रा के नेतृत्व में शा.उ.मा.वि.लेन्धरा के 100 स्वयं सेवक छात्र-छात्राओं ने सायकल से ग्राम पंचायत सकरतुंगा के आश्रित गोद ग्राम दानीघाटी पहुंचकर उक्त एक दिवसीय दिवा शिविर लगाकर श्रमदान किया। सर्वप्रथम स्वयं सेवकों द्वारा शिविर स्थल प्राथमिक शाला परिसर के कंटीली झाड़ियां, पॉलीथीन कचरों, जल स्त्रोतों के आस-पास जमा गंदगी एवं गांव की गलियों, चौपाल में जमा गंदगी आदि की सफाई की। स्वयंसेवकों ने सफाई कार्य के उपरांत ग्राम में प्रेरक गीत व नारों के साथ जागरूकता रैली भी निकाली साथ ही दीवाल लेखन के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता व स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

रैली उपरांत स्वयंसेवकों ने सामुहिक भोजन किया उसके पश्चात् शिविर स्थल स्थित विशाल बट वृक्ष की छाया में सभा का आयोजन किया गया। सभा की शुरूआत में राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं दिवा शिविर के गतिविधियों पर कार्यक्रम अधिकारी बी.डी.मिश्रा द्वारा विस्तृत प्रकाश डाला गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने सद्भावना गीत भी प्रस्तुत किया गया। इस पूरे कार्यक्रम में सक्रिय रूप से उपस्थित ग्राम पंचायत सरपंच रूपधर पटेल ने स्वयंसेवकों को संबोधित कर अनुसासन एवं शिक्षा के महत्व पर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा से विहिन शिक्षा पूर्णतः एकांगी है। शिक्षा का महत्व तभी है जब शिक्षा को समाज सेवा का माध्यम बनाया जावे। इस अवसर पर सरपंच ने अध्ययन के प्रति छात्रों को प्रेरित करने के लिए कक्षा-बारहवीं के आगामी परीक्षा में सर्वोच्च अंक लाने वाले विद्यार्थी को प्रोत्साहन राशि 11000 रूपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य राजकुमार पटेल ने भी गांधी जी के जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच के साथ पंचगण, ग्राम के प्रबुद्ध नागरिक, विद्यालय के शिक्षक उद्धवलाल पटेल, किशोर पटेल, सरोज साहू, उमेश पटेल, नीतेश वर्मा, महादेव भूमिजन की उपस्थिति रही। सभा का सफल संचालन सहायक कार्यक्रम अधिकारी सरोज साहू ने किया। सभा उपरांत ग्राम पंचायत सरपंच व पंचगणों द्वारा स्वयंसेवकों को स्वल्पाहार प्रदान कर विदा किया गया।

Scroll to Top