शेयर करें...
बिलासपुर/ कोरोना संक्रमण के चलते 7 माह की बच्ची ने सिम्स में दम तोड़ दिया। उसके बाद माता-पिता दोनों छोड़ कर चले गए। प्रशासन की टीम उनके गांव तक भी पहुंची, लेकिन वहां भी घर में ताला लगा मिला।
मस्तुरी के पचपेड़ी गांव में रहने वाली 7 माह की बच्ची आहना बीमार हो गई। टेस्ट कराया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर 28 अप्रैल को पिता देव कुमार मार्शल ने बच्ची को CIMS में भर्ती करा दिया। अगले दिन 29 अप्रैल को बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिजनों को दी गई, लेकिन वह नहीं आए। बच्ची की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई। इस पर प्रशासन ने मस्तुरी के BMO को बच्ची के गांव भेजा। वहां मकान में ताला लटका हुआ था। गांव वालों से इस संबंध में जानकारी जुटाई गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शव 3 दिन से मोर्चरी में रखा हुआ है। बच्ची के माता-पिता दोनों गायब हैं और वे मजदूरी करते हैं।
अधिकारियों के मुताबिक नियमानुसार 72 घंटे तक परिजनों का इंतजार किया जा सकता है। बच्ची की मौत के बाद उन्हें सूचना दी गई थी, लेकिन वे नहीं आए। गांव में भी उनके घर में कोई नहीं मिला। अब तहसीलदार नियमानुसार अंतिम संस्कार करेंगे।