महापल्ली में एनएसएस शिविर के जरिए नशामुक्ति और स्वच्छता का संदेश दे रहे जानकी कॉलेज के 50 स्वयंसेवक, सात दिवसीय शिविर में गतिविधियों के साथ विकसित भारत 2047 पर हुई परिचर्चा..

शेयर करें...

रायगढ़// जानकी कॉलेज ऑफ एजुकेशन धनुहारडेरा, रायगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम महापल्ली में जारी है। 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक शासकीय प्राथमिक शाला महापल्ली परिसर में आयोजित इस शिविर की थीम ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा अभियान’ रखी गई है। शिविर में महाविद्यालय के 50 छात्र-छात्राएं स्वयंसेवक के रूप में हिस्सा लेकर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

अतिथियों की मौजूदगी में हुआ शिविर का शुभारंभ

शिविर का उद्घाटन शासकीय प्राथमिक शाला महापल्ली की शाला विकास समिति के अध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत महापल्ली के उपसरपंच विजय यादव, पूर्व जनपद सदस्य एवं शासकीय हेमसुंदर गुप्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शाला विकास समिति के अध्यक्ष टीकाराम प्रधान, पूर्व जनपद सदस्य अशोक निषाद, पंच कुंदकुंवर पटेल, प्रधान पाठिका भारती गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता सरला अग्रवाल, नरेश अग्रवाल और पत्रकार शेषचरण गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मां सरस्वती और राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतीक पुरुष स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर की शुरुआत की गई।

प्रभातफेरी, योग और बौद्धिक परिचर्चा से हुई गतिविधियां

शिविर के दूसरे दिन 29 अक्टूबर को स्वयंसेवकों ने निर्धारित दिनचर्या के तहत प्रातः जागरण, प्रभातफेरी और योगाभ्यास किया। इसके बाद शिविर स्थल की साफ-सफाई की गई। बौद्धिक परिचर्चा में टीकाराम प्रधान मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिविर की थीम पर विचार रखते हुए स्वयंसेवकों को नशे और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। दिनभर खेलकूद, ग्राम संपर्क और रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

गांव की गलियों और नालियों की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश

तीसरे दिन 30 अक्टूबर को ‘स्वच्छता ही सेवा है’ परियोजना के तहत स्वयंसेवकों के अलग-अलग दलों ने ग्राम पंचायत महापल्ली की गलियों, सड़कों, नालियों और पानी की टंकी के आसपास सफाई अभियान चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इसी दिन ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर बौद्धिक परिचर्चा आयोजित हुई, जिसमें शिविरार्थियों ने अपने विचार साझा किए। खेल गतिविधियों के तहत रूमाल झपट्टा और ‘कितने भाई कितने’ जैसे खेल भी कराए गए।

आयोजन में महाविद्यालय और गांव के लोग कर रहे सहयोग

शिविर में कार्यक्रम अधिकारी मयंक शीतल डनसेना, सहायक कार्यक्रम अधिकारी हरीश गुप्ता और ज्योति पटेल सहित महाविद्यालय के स्टाफ की सहभागिता है। उद्घाटन अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठिका भारती गुप्ता, स्कूल स्टाफ और ग्राम पंचायत महापल्ली के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवक ग्रामीणों के बीच नशामुक्ति, टीबी जागरूकता, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश पहुंचा रहे हैं।

Scroll to Top