शेयर करें...
दंतेवाड़ा// नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में 37 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। सरेंडर नक्सलियों में 27 नक्सलियों पर 65 लाख रुपए का इनाम था। नक्सलियों में 8-8 लाख रुपए के 4 नक्सली शामिल हैं, जबकि 5 लाख का इनामी एक नक्सली है। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में कंपनी, एरिया कमेटी और विभिन्न प्लाटून के सदस्य शामिल हैं जिन्होने दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय के समक्ष हथियार सौंपकर आत्मसमर्पण किया।
गौरतलब है कि बस्तर संभाग में चल रही पूना मारगेम “पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल लगातार सकारात्मक परिणाम आ रहा है। इसके प्रभाव से एक बार फिर सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली, जब 65 लाख के 27 इनामी सहित कुल 37 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। दंतेवाड़ा डीआरजी कार्यालय में आयोजित आत्मसमर्पण कार्यक्रम में सभी माओवादियों ने अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण की इच्छा जताई। इस पहल का लक्ष्य माओवादियों को हिंसा की अंधेरी खाई से निकालकर शांति, सम्मान और विकास के पथ पर अग्रसर करना है।
छत्तीसगढ़ शासन, भारत सरकार, दंतेवाड़ा पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल इस दिशा में सतत मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने बताया कि पूना मारगेम बस्तर में स्थायी शांति, गरिमा और समग्र विकास लाने की दिशा में अहम और परिवर्तनकारी भूमिका निभा रहा है। आत्मसमर्पित 37 माओवादियों में 27 ईनामी शामिल हैं, जिन पर कुल 65 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वालों में गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल कैडर भी हैं। जिनमें कंपनी, एरिया कमेटी और विभिन्न प्लाटून के सदस्य शामिल हैं।


