शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ जिले में हंसी मजाक के बाद हुए विवाद के चलते एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। मृतक को उसके ही गांव के ही 3 लोगों ने मिलकर मार डाला। तीनों ने पहले लात-घूंसों से अधेड़ को मार-मारकर जमकर पीटा। इसके बाद उसका गला भी दबा दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद ही अधेड़ की मौत हो गई। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अब गिरफ्तार कर लिया है। मामला खरसिया थाना के पामगढ़ गांव का है।
दरअसल, 10 नवंबर दो दोपहर करीब 3.30 बजे पामगढ़ निवासी महादेव पटेल(48) गांव के ही प्रेम चौक की ओर घूमने गया था। इसी दौरान गांव का ही गौरीशंकर पटेल अपने घर के पास अपने साथी सुमन पटेल और भूषण पटेल के साथ खड़ा था। सभी आपस में बाद कर रहे थे। इतने में महादेव पटेल भी मौके पर पहुंच गया और सभी आपस में बात करने लगे।
परिवार की लड़की पर कमेंट किया
बातचीत के दौरान महादेव ने गौरी शंकर से मजाक शुरू कर दिया। मजाक में महादेव पटेल ने गौरी शंकर के परिवार की लड़की पर कुछ कमेंट कर दिया। इसी बात से गौरीशंकर नाराज हो गया और वह महादेव से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि गौरीशंकर ने अपने दोनों साथियों के साथ महादेव को लात-घूंसों से जमकर पीटा। इसके बाद तीनों ने मिलकर उसका गला दबा दिया।
बीच-बचाव करने आया छोटा भाई
इधर, इसकी खबर लगते ही महादेव का भाई हरमन लाल पटेल बीच-बचाव करने पहुंचा। तब तक महादेव बुरी तरह घायल हो गया था। हरमन ने किसी तरह वहां से महादेव को उठाया और उसे अस्पताल ले गया। जहां डॉक्टरों ने महादेव को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ही हरमन लाल पटेल ने मामले की शिकायत खरसिया थाना में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपी के खिलाफ के हत्या का केस दर्ज किया था। खबर मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा किया गया है। शुक्रवार को अब तीनों आरोपियों को रिमांड पर भेजा जाएगा।


