शेयर करें...
रायपुर/ एसडीएम ने दो पटवारी को निलंबित कर दिया है। हल्का नम्बर 58 ग्राम डंगनिया के पटवारी विजय कुमार साहू और हल्का नम्बर 60 ग्राम भाटागांव के पटवारी भाई लाल अनंत पर यह कार्रवाई हुई है। एसडीएम ने जमीन नामांतरण और राजस्व दस्तावेज को ऑनलाइन करने के एवज में अवैध रूप से लेन-देन का मामला प्रथम दृष्टया सही पाया है। निलंबन की यह कार्रवाई स्टिंग वीडियो क्लीपिंग के अवलोकन के बाद की गई है।
एसडीएम रायपुर द्वारा जारी निलंबन आदेश में इस बात का उल्लेख किया गया है कि उक्त दोनों पटवारियों द्वारा जमीन नामांतरण और दस्तावेज ऑनलाईन करने डिजिटल सिग्नेचर आदि के मामले में अवैध तरीके से राशि के लेन-देन की बातचीत का मामला स्टिंग वीडियो क्लीपिंग में सामने आया। इसके बाद एसडीएम रायपुर ने दोनों पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब-तलब किया। दोनों पटवारियों का जवाब संतोषप्रद न पाए जाने तथा स्टिंग वीडियो क्लीपिंग में अवैध तरीके से राशि के लेन-देन का मामला प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर निलंबन की कार्यवाही की गई।
वही एसडीएम द्वारा ग्राम डंगनिया पटवारी हल्का नम्बर 58 का प्रभार ग्राम सरोना के पटवारी सुरेश कुमार वर्मा को तथा भाटागांव पटवारी हल्का नम्बर 60 का प्रभार मठपुरेना के पटवारी नरेश ठाकुर को अस्थायी रूप से सौंपा गया है।

