शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला आज 15 नवंबर से शुरू हो गया है। इसी कड़ी में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित भड़िसार अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र में भी धान खरीदी कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की जनपद सदस्य प्रतिमा बरिहा ने पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य की शुरुआत की।
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिमा बरिहा ने क्षेत्र के किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। किसान पूरे साल मेहनत कर अपनी फसल तैयार करते हैं, इसलिए धान खरीदी केंद्र में उनकी उपज का सुचारु रूप से उपार्जन होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन से अपेक्षा जताई कि खरीदी केंद्र में किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि धान बेचने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर समिति प्रबंधक मिठाई लाल, फड़ प्रभारी दिनेश नायक, प्राधिकृत अधिकारी समारू नायक, ग्राम पंचायत गंजाईभौना की सरपंच छतबाई बरिहा, मुरारी चन्द्रा, केदार साहू, थान सिंह पटेल, दिनेश चन्द नायक, उमाशंकर साहू सहित क्षेत्र के किसान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। धान खरीदी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने को लेकर उत्साह देखा गया।


