व्यापारी के घर घुसकर लूट का प्रयास करने वाला युवक गिरफ्तार, बोला-मास्टर माइंड पूर्व फौजी, जो एक तरफा प्यार में बना अपराधी..

शेयर करें...

जांजगीर// जांजगीर में व्यापारी के घर में घुसकर लूट करने के प्रयास में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि जुए की लत ने उसे लुटेरा बना दिया। यह भी बताया कि वारदात का मास्टर माइंड पूर्व फौजी है। उसने एक तरफा प्यार के चक्कर में अपराध की दुनिया में कदम रखा। फिलहाल वह भागा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। व्यापारी के बेटे की हिम्मत के चलते लुटेरे कामयाब नहीं हो सके थे।

Join WhatsApp Group Click Here

जुए ने कर्जदार बनाया तो चोरी और लूट करने लगा

पुलिस ने लूट के प्रयास के एक आरोपी गोविंदा टंडन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गोविंदा ने बताया कि वह जुआ खेलने का शौकीन है। इसके चलते लाखों रुपए हार चुका है। उसके ऊपर कर्ज भी बहुत लोगों का हो गया। इन सब से छुटकारे के चलते वह अपराधी बन गया और चोरी व लूट करने लगा। वह अपने साथी दुर्गेश पाटले के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था। दुर्गेश ही इस बार लूट के प्रयास में हुई वारदात का मास्टर माइंड है।

प्रेमिका के घर आग लगाई, जेल गया, नौकरी भी गई

गोविंदा ने पुलिस को बताया कि दुर्गेश पाटले पहले सकरी बटालियन में पदस्थ था। इस बीच उसे एक लड़की से प्यार हो गया। जब दुर्गेश ने उससे बात की तो लड़की ने इनकार कर दिया। इस पर दुर्गेश इतना भड़क गया कि एक तरफा प्यार के चक्कर में उसने लड़की के घर में आग लगा दी। वह जेल भेज गया और नौकरी से भी सस्पेंड कर दिया गया। जेल से छूटा तो अपराध की दुनिया में आ गया। चोरी और लूटपाट करने लगा।

व्यापारी के बेटे की हिम्मत देख भाग निकले थे बदमाश

दरअसल, मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम बनाहिल में 12 नवंबर की रात किराना व्यवसायी गनपत साहू के घर देर रात करीब 1 बजे दो लोग लूट की नियत से घुसे थे। इस बीच किराना व्यापारी का बेटा राजेश साहू उनसे अकेले भिड़ गया। तब दोनों लुटेरों ने अपने पास रखे हथियार से उस पर हमला कर घायल कर दिया। हालांकि बदमाशों को भागना पड़ा था। इसके बाद काफी हंगामा हुआ और लोग अगले दिन सड़क जाम कर प्रदर्शन पर बैठ गए थे।

Scroll to Top