शेयर करें...
रायगढ़// देश के सबसे बिजी मुम्बई-हावड़ा रुट पर बिलासपुर-रायगढ़ के बीच कुछ दिनों से ट्रेनों की चाल बिगड़ती नजर आ रही है। जिसके चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को गोंदिया से सही समय पर छूटी जनशताब्दी एक्सप्रेस बिलासपुर के दाधापारा आउटर पर शेड्यूल से 20 मिनट पहले पहुंची लेकिन 7 किलोमीटर दूर बिलासपुर पहुंचने में ट्रेन को आधा घंटे लग गए । रात 10 बजे रायगढ़ पहुंचने वाली ट्रेन रात 10.50 बजे पहुंची। ट्रेन की इस लेटलतीफी से यात्रियों में काफी नाराजगी रही। रायगढ़ से गोंदिया जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस सही समय पर चलती है लेकिन लौटते समय हमेशा ही इसकी चाल बिगड़ती है।
इन दिनों जनशताब्दी और पैसेंजर ट्रेनों की चाल बिगड़ी हुई है। रेलवे झारसुगुड़ा से रायगढ़ और रायगढ़ से बिलासपुर के बीच बिना सूचना के आधा घंटे तक ट्रेनें खड़ी कर देते हैं। इससे यात्रियों में खासी नाराजगी है। शहर से 400 से अधिक लोग सवारी गाड़ियों रोज अप-डाउन करते हैं। वहीं रायपुर और बिलासपुर में अपने काम निपटाकर लोग रात को घर लौटते हैं। बिलासपुर जाने वाली टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन का समय शाम 6.45 बजे है लेकिन ट्रेन अक्सर 45 मिनट तक देर से आती है।
इस ट्रेन के बिलासपुर पहुंचने का समय रात 9.50 बजे है लेकिन यह ट्रेन अक्सर 12 बजे तक बिलासपुर पहुंचती है। रायगढ़ से एक घंटा तक देर से छूटने के बाद ट्रेन को चांपा पहुंचने में ही 10.30 बज जाते हैं। वहीं सुबह बिलासपुर से रायगढ़ पहुंचने वाली का सही समय 9.38 बजे है लेकिन ट्रेन 45 मिनट तक देर से आती है। यात्रियों की शिकायत है कि ट्रेन को चांपा और रायगढ़ के बीच अनावश्यक रोका जाता है।
कभी मालगाड़ी क्रॉस कराई जाती है तो कभी सुपरफास्ट ट्रेनों के लिए रोका जाता है। ये हालत रायगढ़ से बिलासपुर और झारसुगुड़ा के बीच चलने वाली सभी सवारी गाड़ियों के साथ है। यात्री ट्रेन से उतर कर पटरियों पर बैठते हैं और फोटो वायरल कर सोशल मीडिया में भी गुस्सा उतारते हैं।
ट्रेने देरी से आ रही हैं तो जांच कराएंगे
ट्रेन यदि लगातार लेट चल रही हैं तो उसकी जानकारी हमें दीजिए, हम दिखवाते हैं। कभी-कभी तकनीकी कारणों से ऐसा हो सकता है लेकिन हर रोज ऐसा होता है तो इसकी जांच कराई जाएगी।”
साकेत रंजन, सीपीआरओ, एसईसीआर बिलासपुर जोन



