शेयर करें...
बिलासपुर/ अफीम के अंतरराज्यीय सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाख से अधिक के अफीम के साथ 5 लोगों को खरीदी बिक्री करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा, पंजाब जैसे राज्यों से अफीम लाकर खपाते थे। पुलिस इनके बारे में तफ्तीश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली, कि इंडस्ट्रियल एरिया में अफीम की बिक्री भी धड़ल्ले से की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर चेक डैम के पास छापा मारा। यहां घेराबंदी कर पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान 27 खोली निवासी युवराज सिंह, सरकंडा निवासी अंकित कुमार घोष, नालंदा बिहार निवासी नरेश रविदास, तालापारा निवासी शमशेर अली और तरणताल पंजाब निवासी जगतार सिंह के पास से अलग-अलग मात्रा में अफीम बरामद किया गया। मामले के मुख्य आरोपी जगतार सिंह के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 100 ग्राम अफीम की बरामदगी हुई। पता चला है, कि जगतार सिंह पंजाब और उड़ीसा से अफीम लाकर स्थानीय नशेड़ियों को उपलब्ध करा रहा था। उसके पास से बिक्री की रकम ₹6000 भी पुलिस ने जप्त की है।
मालूम हो कि पहले तो बिलासपुर में अवैध तरीके से महुआ शराब,गांजा और नशीली गोलियां और सीरप बेची जा रही थी, लेकिन अब तो यहां अफीम भी बेचा जाने लगा है, हालांकि कुछ दिन पहले बिलासपुर में एक बड़ा ड्रग रैकेट पकड़ाया था, जिसमें शहर के युवा भी शामिल है, जिसे देख अब यह भी कहा जा सकता है, कि महानगरों की तरह अब बिलासपुर भी धीरे-धीरे नशे का अड्डा बनता जा रहा है। बाहर से आकर नशे के सौदागर बिलासपुर में अपना माल खपा रहे हैं, यही कारण है कि रेंज आईजी दीपांशु काबरा व पुलिस कप्तान प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस लगातार ऐसे तत्वों पर नकेल कस रही है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम:-
युवराज सिंह निवासी 27 खोली,
अंकित कुमार घोष निवासी सरकंडा,
नरेश रविदास निवासी नालंदा बिहार,
शमशेर अली निवासी तालापारा,
जगतार सिंह निवासी तरणताल पंजाब

