शेयर करें...
बिलासपुर/ भाई ने अपनी बहन की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह जमीन का बटवारा मांग रही थी। हत्या के बाद वह घंटो लाश के पास बैठा रहा, फिर घर आ गया, मन नहीं माना तो फ़िर रात में देखने गया, कि कहीं उसकी बहन के मृत शरीर को जानवरों नें नुकसान तो नहीं पहुचाया फिर अपराध बोध से ग्रसित होकर थाने पहुंचा, पुलिस को बहन की हत्या की बात बताई। घटना कोटा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत अमाली की है।
जानकारी के अनुसार करीब 15 साल से मायके में रह रही परित्यक्ता महिला का जमीन में हिस्सा मांगना भाई को रास नहीं आया, इसलिए उसने अपनी ही बहन की कुल्हाड़ी मारकर नृशंस हत्या कर दी।
दिल दहला देने वाली यह घटना कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमाली की है, यहां लमेरपारा में रहने वाली 40 वर्षीय रामबाई भानु अपने शादी के कुछ समय बाद ही पति को छोड़कर मायके में आकर रह रही थी। बताते हैं कि पिछले कुछ सालों से रामबाई अपने पिता और मामा की जमीन का हिस्सा बटवारा मांग रही थी। जमीन बंटवारे की इस मांग से नाराज उसके ही सगे भाई फेंकूराम भानु नें उसे शनिवार को डोंगरी दलहा पहाड़ के पास ले गया, और कुल्हाड़ी मारकर उसकी जान ले ली।
बहन की हत्या के बाद भाई शाम 4:00 बजे से लेकर रात करीब 10:30 बजे तक उसके शव की रखवाली करता रहा। इसके बाद वह थक कर घर लौट आया। बहन के शव को जानवरों ने नुकसान तो नहीं पहुंचाया यह देखने एक बार फिर सुबह वह जंगल गया। जिसके बाद आत्मग्लानि के चलते वह खुद कोटा थाने पहुंचा, और पुलिस को बहन की हत्या के विषय में बताते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। उसके इस इकबालिया बयान से पुलिस भी हैरान रह गई।
उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन पर कोटा पुलिस फेकू राम भानु के साथ मौका ए वारदात पर पहुंची। रामबाई भानू की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा, और हत्यारे भाई फेंकू राम भानु को गिरफ्तार कर लिया।

