शेयर करें...
रायगढ़// जिले की पुलिस ने गुम हो चुके 120 मोबाइल को खोज निकाला है। पुलिस ने इसके लिए कड़ी मशक्कत की है। जिसके बाद पुलिस को मोबाइल खोजने में सफलता मिली है। पुलिस ने प्रदेश के अलग-अलग जिले और दूसरे राज्यों से इन मोबाइल को बरामद किया है। शनिवार को एएसपी लखन पटले ने सभी मोबाइल मालिकों को बुलाकर उनका मोबाइल वापस किया है। जिस पर मोबाइल मालिकों ने कहा है कि यह हमारे लिए दिवाली गिफ्ट की तरह है।
दरअसल, जिले के अलग-अलग थानों में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज हो रही थी। जिसके बाद से ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई थी। फिर एसपी और एएसपी ने साइबर सेल को कहा था कि जो भी मोबाइल गुम हुुए हैं। उन्हें जल्द से जल्द ढूंढ़ा जाए। इस बीच पुलिस ने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों मे दबिश दी और कुछ का लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस को यह फोन मिले हैं। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्यप्रदेश से यह मोबाइल बरामद किया है।
इधर, जब शुक्रवार को मोबाइल मालिकों को फोन मिला था तो उनके चेहरे में खुशी देखती ही बन रही थी। इस अवसर पर एसपी अभीषेक मीना ने लोगों को साइबर क्राइम से बचने और मोबाइल का सावधानी से इस्तेमाल करने के लिए कहा। पुलिस ने कुल मिलाकर 17 लाख रुपए के मोबाइल बरामद किए हैं। एएसपी लखन पटले ने मोबाइल का पता लगाने पर साइबर टीम को इनाम देने की घोषणा भी की है। मोबाइल मिलने के बाद कुछ मोबाइल मालिकों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल के मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन साइबर टीम और पुलिस की मदद से अब फोन मिल गया है। जिसके बाद से उन्हें काफी खुशी है।



