शेयर करें...
धमतरी/ जिले के कुरूद इलाके में पति-पत्नी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान दंपती के दोनों बच्चे सो रहे थे। सुबह उठने के बाद वे मम्मी पापा को खोजने लगे। फिर वे छत पर पहुंचे। यहां दोनों की लाश देखकर वे पड़ोसियों के पास पहुंचे और घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे, फिलहाल हत्या के कारणों और हत्यारों की तलाश की जा रही है।
हत्या की वजह जानने और हत्यारों को पकड़ने CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
मामला कुरूद थाना इलाके के श्रीराम टाउन कॉलोनी का है। दंपती के चेहरों को पत्थरों से कुचला गया है। तुलेश चंद्राकर (32) और सुमित्रा चंद्राकर (29) की हत्या 22-23 मई की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की गई है। तुलेश धमतरी जिले के एक ट्रेनिंग सेंटर में मास्टर ट्रेनर का काम करता था और उसकी पत्नी कुछ साल पहले तक स्कूल में टीचर थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जो वारदात के वक्त नीचे सो रहे थे।
सुबह जब उनकी नींद खुली तो देखा कि घर पर उनके मम्मी-पापा नहीं है। इसके बाद उन्होंने आस-पास जाकर देखा, जहां दोनों की लाश सुबह घर के छत पर मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह का पता अब तक नहीं चल सका है। वहीं पुलिस मामले को लेकर आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और आस-पास के CCTV कैमरे भी खंगाल रही है। शव के पास ही पुलिस को खून से सना पत्थर भी बरामद हुआ है।

