शेयर करें...
रायगढ़// सरकार की सख्ती और पुलिस की चौकसी के बाद भी ओडिशा से लगे जिले की सीमा से गांजे की तस्करी कम नहीं हो रही है। रविवार को डोंगरीपाली पुलिस ने ओडिशा से 10 किलो गांजा लेकर वैगन-आर कार से बिलासपुर जा रहे एक नाबालिग समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों पर एनडीपीसी एक्ट की कार्रवाई की है।
रविवार दोपहर डोंगरीपाली के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र एसैया को मुखबिरों से बिलासपुर के युवकों द्वारा ओडिशा से गांजा लाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने ओडिशा से डोंगरीपाली आने वाले रास्ते की नाकेबंदी की। शाम 4.15 बजे वेगन-आर क्रमांक CG 10 BE 0971 को सोहेला ओडिशा से बरमकेला की ओर आई। पुलिस ने कार रुकवाई, उसमें चार व्यक्ति सवार थे। कार में बैठे व्यक्तियों को चेकिंग के कारण बताते हुए वाहन के पीछे डिक्की चेक की गई। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 60 हजार रुपए का 10 किलो गांजा, पांच मोबाइल फोन और वैगन-आर जब्त की। तस्करों में पेंड्रा के शैलेन्द्र राठौर (23) दीपक राठौर (25), गौरेला का सीताराम राठौर (27) के साथ एक नाबालिग शामिल हैं। सभी लोगों पर 20 (बी) एनडीपीसी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


