शेयर करें...
मुंगेली// जिले के लोरमी थाना अंतर्गत युवक की लाश खेत में पड़ी मिली है। मृत युवक 15 अगस्त की शाम को घर से घूमने के लिए निकला था जिसकी लाश मंगलवार सुबह गांव के ही खेत में मिली है। मृतक के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। इससे ये आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर उसके शव को खेत में फेंका गया है।
15 अगस्त को निकला था घर से खेत मे मिली लाश
दरअसल स्वतंत्रता दिवस के दिन चरनीटोला निवासी महेंद्र (19) घर से ये कहकर निकला की वो घूमने जा रहा है। इस बीच वो देर रात तक घर वापस ही नहीं लौटा। परिजन ने आसपास पता लगाया पर महेंद्र का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद परिजन उसे सुबह भी तलाशते रहे, फिर भी महेंद्र का कुछ पता नहीं चला। जिससे परेशान होकर सोमवार को परिजनों ने महेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट लोरमी थाना में दर्ज करा दी।
मंगलवार की सुबह गांव का ही एक शख्स अपने खेत पर काम करने गया था, जहां उसने देखा कि महेंद्र की लाश बिल्कुल फसलों की बीचों बीच पड़ी हुई है। इसके बाद उसने महेंद्र के घर वालों को इस बात की जानकारी दी। तब जाकर परिजन मौके पर पहुंचे और महेंद्र की लाश देखकर दंग रह गए। परिजनों ने बताया है कि महेंद्र के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान हैं। इसी से चलते उन्हें ये आशंका है कि महेंद्र की हत्या कर उसके शव को खेत में फेंका गया है।
लोरमी पुलिस कर रही मामले की जांच
शव मिलने के बाद इस बात की जानकारी लोरमी पुलिस को भी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक की किसी से पुरानी रंजिश तो नहीं थी। बताया गया है कि युवक ने 2 साल पहले ही 10वीं तक पढ़ाई करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।


