शेयर करें...
बिलासपुर// शहर के मगरपारा में दुर्गा विर्सजन के दौरान दुर्गोत्सव समिति के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस बीच हंगामा होते देख वहां पहुंचे युवक पर पाइप व चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में घायल युवक का न तो सिम्स में उपचार हो सका और न ही निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके चलते परिजन व दोस्त घायल युवक को लेकर रात भर अस्पताल का चक्कर लगाते रहे। वहीं, पुलिस भी घायल की पतासाजी करती रही।
दशहरा पर्व के बाद शनिवार की शाम से ही दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का दौर शुरू हो गया। बिलासपुर में झांकी निकालकर अलग-अलग दुर्गोत्सव समिति के लोग पूरी रात प्रतिमा विसर्जन करने में जुटे रहे। मगरपारा में बजरंग युवा मंच व त्रिदेव युवा मंच के लोग अलग-अलग दो जगहों पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित किए थे। शनिवार रात समिति के पदाधिकारी व मोहल्लेवाले प्रतिमा विसर्जन करने निकले थे। तभी रात 10.30 बजे गायत्री मेडिकल स्टोर के पास प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। इस बीच प्रतिमा विसर्जन देखने निकले मरार गली निवासी आटो चालक संजय गुप्ता अपने भाई देवा गुप्ता भी वहां पहुंच गए। इस बीच संजय और उसका भाई देवा गुप्ता विवाद होते देखकर रूक गए। इस दौरान राहुल भिमटे, रिंकू नागदौने और रिंकू कश्यप ने मिलकर बिना किसी कारण के देवा से गाली-गलौज करने लगे। देवा के विरोध करने पर राहुल ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। जिससे उसकी अतड़ियां बाहर आ गई। वहीं, रिंकू कश्यप और रिंकू नागदौने पाइप से हमला करने लगे। उन्हें देखकर संजय व उसके साथियों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद खून से लथपथ अपने भाई देवा को लेकर सिम्स पहुंचे। लेकिन, सिम्स में उपचार नहीं हो पाने के कारण देवा को अपोलो अस्पताल, श्रीराम केयर हास्पिटल सहित कई जगह लेकर घूमते रहे। कहीं इलाज नहीं हो पाने के कारण बाद में उन्होंने देवा को किम्स अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने संजय गुप्ता की रिपोर्ट पर हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों के साथ घायल की भी तलाश करती रही पुलिस
रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान पूरी रात जगह-जगह भीड़ लगी थी। पुलिस अफसर व थानेदार भी इस दौरान घूम-घूमकर पेट्रोलिंग कर रहे थे। तभी देर रात पुलिस को चाकूबाजी की इस घटना की जानकारी मिली। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक घायल युवक को इलाज के लिए लेकर चले गए थे। पुलिस जब सिम्स पहुंची, तब घायल युवक वहां भी नहीं मिला। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने तड़के घायल युवक की जानकारी जुटाई। फिर उसके भाई का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस हिरासत में दो युवक
टीआई शनिप रात्रे ने बताया चाकूबाजी की इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन, घायल युवक की जानकारी नहीं मिल पाई। इस पर वे खुद सिम्स पहुंचे। वहां भी घायल नहीं मिला। इस बीच पूछताछ कर पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले में राहुल भिमटे व उसके नाबालिग दोस्त को पकड़ लिया गया है। इस वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।


