शेयर करें...
बिलासपुर/ गांजा लेकर जा रही कार ट्रेलर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही कार का बोनट खुलने से उसमें भरा गांजा बिखर गया। रात 11 बजे हुए एक्सीडेंट के बाद गांजा लूटने लोगों में होड़ मच गई। वहीं कार का ड्राइवर क्षतिग्रस्त कार में फंस गया । घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार से ड्राइवर को निकालकर थाने पहुंचा दिया है।
सरकंडा थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया, कि सोमवार की रात 11 बजे तेज रफ्तार क्विड कार नेहरू चौक से महामाया चौक की ओर जा रही थी । महामाया चौक के पहले पुल पर उक्त कार हाइवा से जा टकराई । हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई । वहीं कार का चालक वाहन में फंस गया । दोनों वाहन पुल पर ही खड़े रहे।
वही क्षतिग्रस्त कार का बोनट खुलने से उसमें भरा गांजा पुल पर बिखर गया । इससे राहगीरों में गांजा लूटने होड़ मच गई । किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाया । कार में गांजा होने की जानकारी होने पर पुलिस ने तलाशी ली । इस दौरान कार की सीट के नीचे , दरवाजे के बगल में खाली जगह पर गांजा भरा मिला । पुलिस ने कार और गांजा जब्त कर लिया है। पुलिस पकड़े गए युवक से मामले में पूछताछ कर रही है।
दुर्घटना के बाद दो फरार:-
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे । शहर के अंदर से जल्दी वाहन निकालने के चक्कर में ड्राइवर तेजी से वाहन चला रहा था । इसके कारण पुल में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई । घटना के बाद वाहन का चालक कार में ही फंस गया । वहीं , कार सवार लोग उतरकर फरार हो गए।

