छ. ग. पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई, पिकअप में छिपाकर परिवहन करते 25 लाख के गांजा के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

कबीरधाम// छत्तीसगढ में फिर से पुलिस ने लाखों रुपए का गांजा पकड़ा है। पुलिस ने इस बार तस्करों से 25 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। 2 तस्कर बड़े ही चालाकी से पिकअप में गुप्त चेंबर में छिपाकर गांजा ले जा रहे थे। जिसे कवर्धा जिले की चिल्फी पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों से 123 पैकेट में 128 किलो गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया है कि दोनों ही आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

दरअसल, चिल्फी पुलिस को गुरुवार को सूचना मिली थी कि कुछ गांजा तस्कर रायपुर होते हुए कवर्धा की ओर आ रहे हैं। जिन्होंने गाड़ी में गांजा छिपाया हुआ है। इसी बात के मद्देनजर चिल्फी पुलिस की टीम मौके पर रवाना हो गई और आने-जाने वाली वाहनों की जांच करने लगी। पुलिस की टीम जांच कर ही रही थी कि पुलिस को एक पिकअप दिखी, जिसमें 2 लोग सवार थे। इसके बाद पुलिस ने पिकअप को रोक लिया और पिकअप सवार लोगों से पूछताछ करने लगी। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ओडिशा के रहने वाले हैं। वाहन चालक ने अपना नाम अश्वनी कुमार दीगर(28) और गाड़ी में बैठे दूसरे शख्स ने अपना नाम जतन दीगर बताया।

लोहे की चादर से चेंबर को छिपाया

इस पर पुलिस पिकअप गाड़ी की तलाशी लेने लगी, जहां पुलिस को एक गुप्त चेंबर मिला। जिसे लोहे के चादर से वेल्डिंग कराकर छिपाया गया था। पुलिस ने उस चेंबर को देखते ही उसे खोला दिया, जिसमें 123 पैकेट गांजा, अलग-अलग बोरियां में बंधा हुआ रखा हुआ था। पुलिस ने इन पैकेट्स की जांच की तो ये 128 किलो का निकला। इसके बाद दोनों आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।

लगातार आ रहे इस तरह के मामले

प्रदेश में इस तरह से गांजा तस्करी का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ओडिशा के ही तस्कर अलग-अलग जिलों से पकड़ाते रहे हैं। खासकर चिल्फी घाटी, महासमुंद, जगदलपुर में इस तरह से तस्करों के पकड़ने के मामले ज्यादा आए हैं। यही वजह है कि जगदलपुर में पुलिस ने कुछ दिन पहले मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर गांजा तस्करों को पकड़ा था।

Scroll to Top