शेयर करें...
बेमेतरा/ बुधवार देर शाम चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट के बाद गर्भवती महिला की हत्या कर दी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। गुस्साए परिजनों ने गुरुवार को शव सड़क पर रख स्टेट हाईवे जाम कर दिया। अफसरों ने एक ASI और एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। मामला साजा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत देवकर निवासी खेतमल जैन और उनकी पत्नी रेशमी बाई बुधवार शाम करीब 7.30 बजे बाजार गए हुए थे। जबकि उनका बेटा पुखराज किसी काम से बाहर था। घर में अकेली उनकी बहू रिंकी जैन (30) मौजूद थी। इसी बीच पीछे के दरवाजे से बदमाश अंदर घुस आए और लूटपाट के दौरान रिंकी पर हमला कर दिया। परिजन लौटे तो अंदर खून से लथपथ रिंकी पड़ी हुई थी।
सिर और पेट पर किया वार, इलाज के दौरान मौत:-
रिंकी के सिर और पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया था। परिजन घायल रिंकी की साजा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने समाज के लोगों के साथ मिलकर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे शव को स्टेट हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। इससे दुर्ग-बेमेतरा स्टेट हाईवे बंद हो गया और वाहनों की लाइन लग गई।
पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, फिर माने परिजन:-
सूचना मिलने पर अफसर भी मौके पर पहुंच गए। एडिशन एसपी विमल बैस, साजा SDM आशुतोष चतुर्वेदी ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। साथ ही पूछताछ के दौरान अभद्रता के मामले में देवकर पुलिस चौकी के ASI गौकरन वर्मा और साजा थाने के कांस्टेबल कन्हैया लाल शर्मा को लाइन हाजिर किए जाने के बाद आंदोलन शाम करीब 4.30 बजे खत्म हुआ।
हत्या से सदमे में परिवार:-
हार्डवेयर के क्षेत्र में नामी व्यापारी गोलछा परिवार अपनी बहू की हत्या के बाद सदमे में है। करवाचौथ के दिन पत्नी का व्रत भी अधूरा रह गया। पति ने बताया कि पूरा परिवार त्योहार में खुश था। शाम तक यह खुशियों मातम में बदल गई। बेमेतरा एसपी दिव्यांग पटेल ,साजा टीआई और देवकर चौकी घटना स्थल पर पहुंचे हुए थे। वारदात स्थल पर पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से सबूत जुटाने का प्रयास किया।

