शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ में 4174 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आये हैं। वहीं 33 लोगों की मौत हो गई। अकेले रायपुर शहर में 1405 नए मरीज मिले हैं। यहां 15 कोविड संक्रमितों की मौत हो गई। राजधानी में अधिक मरीज मिलने की वजह से प्रशासन भी हड़बड़ाया हुआ है। अफसरों की शुक्रवार को बैठक के बाद हालांकि रायपुर में लॉकडान को लेकर कोई फैसला अब तक नहीं हुआ। दूसरी तरफ अब दुर्ग में 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक यानी 9 दिन का टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है। यहां एक दिन में 964 नए मरीज मिले हैं। एक अप्रेल को इसी शहर में 996 केस सामने आए हैं। बेमेतरा में अगले आदेश तक आंशिक लॉकडाउन लागू किया गया है। राज्य के 20 जिलों में नाइट कर्फ्यू जारी है। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद छत्तीसगढ़ लॉकडाउन लगाने वाला तीसरा राज्य बन गया है। यहां एक्टिव मरीजों की संख्या अब 31858 है।
रायपुर में लगातार तीसरे दिन सर्वाधिक मरीज मिले हैं। रायपुर में 1405 मरीज आज मिले हैं, वहीं दुर्ग में 964 नये केस आये हैं। राजनांदगांव के लिए राहत की खबर है, दो दिन से यहां 400 से ज्यादा मरीज मिल रहे थे, आज वहां आंकड़ा घटकर 241 रहा है। बालोद और बेमेतरा में भी मरीज कम हुए हैं। हालांकि बिलासपुर और महासमुंद में मरीज बढ़े हैं। बिलासपुर में 244, महासमुंद में 188, रायगढ़ में 103, कोरबा में 112, सरगुजा में 145, धमतरी में 108 मरीज मिले हैं।
रिव्यू के बाद और जिलों में भी लगाया जा सकता है लॉकडाउन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित जिलों के रिव्यू के बाद लॉकडाउन पर फैसला लें। माना जा रहा है कि कई और जिलों में लॉकडाउन का फैसला लिया जा सकता है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुटि्टयां निरस्त कर दी गई हैं। राज्य में हर दिन वैक्सीनेशन किया जाएगा।