करोड़ो के नकली नोट के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, जांजगीर स्थित RKM प्लांट का इंजीनियर है मास्टरमाइंड, रायपुर में किराये का मकान लेकर छापा नकली नोट, फिर प्रिंटर को जलाया..

शेयर करें...

रायपुर/ बस्तर से लगे ओडिशा के कोरापुट जिले में मंगलवार देर रात 7.90 करोड़ रुपए के नकली नोट पकड़े थे। इन नोटों को रायपुर में ही छापा गया। इसके बाद रायपुर नंबर की ही लग्जरी गाड़ी से विशाखापट्नम ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें जांजगीर के डभरा स्थित RKM प्लांट का इंजीनियर और कार का चालक भी शामिल है। इसकी पुष्टि जांजगीर SP पारूल माथुर ने की है।

Join WhatsApp Group Click Here

नकली नोटों के साथ पकड़े गए आरोपियों में तीन जांजगीर जिले के अलग-अलग गांवों के हैं। नकली नोटों का मास्टरमाइंड अमरताल निवासी इंजीनियर रविंद्र कुमार मनहर को बताया जा रहा है। SP पारूल माथुर ने बताया कि करीब 7 महीने पहले इंजीनियर रविंद्र कुमार मनहर रायपुर चला गया था। इसके बाद वहां किराये का मकान लेकर रहने लगा। बताया कि नकली नोट भी उसने वहीं छापे। वहीं लग्जरी गाड़ी रायपुर निवासी विजय कुमार बर्मन की है।

RKM प्लांट इंजीनियर रविंद्र कुमार मनहर के गांव अमरताल से जब जानकारी जुटाई गई तो उसके बारे में ग्रामीण ज्यादा नहीं बता सके। सिर्फ इतना पता चला है कि वह लंबे समय से रायगढ़ में रह रहा था। जबकि वह नवा रायपुर में MIG-2 फ्लैट नंबर 104 में रहता था। वहीं एक अन्य आरोपी हसौद निवासी हर कुमार साहू पेशे से ड्राइवर है और लॉकडाउन से पहले ही रायगढ़ चला गया था। इसके बाद से उसके बारे में ग्रामीणों के पास कोई जानकारी नहीं थी।

गांजा तस्करी के संदेह में रोका, मिला नोटों का जखीरा:-

कोरापुट SP वरुण गुंटापल्ली ने बताया कि सुनकी थाने का स्टाफ वाहनों की रुटीन चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान CG-04 S 0545 नंबर की फोर्ड गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस को शंका हुई कि उसमें गांजा हो सकता है। इस पर रुकवाकर जांच की गई तो चार सूटकेस मिले। इसमें 500-500 रुपए के नोट रखे थे। उनकी गिनती की गई तो 1580 बंडल मिले। साथ ही आरोपियों से 5 मोबाइल, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और 35 हजार रुपए बरामद हुए हैं।

पुलिस ने जांजगीर जिले के अमरताल निवासी इंजीनियर रविंद्र कुमार मनहर, ग्राम हसौद भांठागांव निवासी हरकुमार साहू, ग्राम भरोरा, पिरदा, मालखरौदा निवासी मनहरण लहरे और अटल नगर नवा रायपुर निवासी विजय कुमार बर्मन को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। कोरापुट SP वरुण गुंटापल्ली ने बताया कि आरोपियों ने नोट प्रिंट करने के बाद प्रिंटर को जला देने की बात बताई है।

Scroll to Top