शेयर करें...
रायपुर/ कोरोना काल में भले ही स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई हुई हो, लेकिन 9वीं-11वीं के छात्रों की परीक्षाएं ऑफलाइन ही होंगी। सीबीएसई, सीजी व अन्य बोर्ड से जुड़े ज्यादातर निजी स्कूलों ने यह तय कर लिया है कि पेन-पेपर मोड पर परीक्षा लेने से छात्रों का सही मूल्यांकन होगा। यह परीक्षाएं मार्च में होंगी। ज्यादातर स्कूल प्रबंधन आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिहाज से भी ऑफलाइन परीक्षा को महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
दैनिक भास्कर ने 9वीं-11वीं की परीक्षा को लेकर पड़ताल की। राजधानी के निजी स्कूलों से चर्चा की। ज्यादातर स्कूल ऑफलाइन परीक्षा के पक्ष में हैं। कोरोना संक्रमण की वजह से करीब 11 महीने तक स्कूल बंद रहे। इस दौरान ऑनलाइन के माध्यम से पढ़ाई हुई। संभावना थी कि 9वीं-11वीं की परीक्षा भी निजी स्कूल ऑनलाइन मोड में ही लेंगे, लेकिन स्कूल खुलने के बाद अब ऑफलाइन परीक्षा की तैयारी की जा रही है। ज्यादातर निजी स्कूलों की ऑफलाइन परीक्षा मार्च में होगी। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि 9वीं-11वीं का सिलेबस लगभग खत्म हो चुका है। स्कूल अब खुल गए हैं, बचे कोर्स पूरे किए जाएंगे। छात्रों के डाउट क्लियर कराए जाएंगे। लिखने की प्रैक्टिस करायी जाएगी।
निजी स्कूलों का कहना है कि जब परिस्थितियां किसी के वश में नहीं थी तब ऑनलाइन एग्जाम ठीक है। लेकिन जब स्कूल खुल गए हैं तो फिर ऐसे में ऑनलाइन एग्जाम सही नहीं है। खासकर, 9वीं से 11वीं के छात्रों के लिए। 9वीं-11वीं स्कूल अपने स्तर पर आयोजित करेंगे। ऑनलाइन में ओपन बुक एग्जाम होता है, छात्र किताब देखकर आंसर लिखते हैं। इससे सही मूल्यांकन नहीं हो पाता।
कुछ स्कूलों ने बताया कि ऑनलाइन एग्जाम में तकनीकी दिक्कतें भी है। कोरोना काल में जो ऑनलाइन एग्जाम हुए उसमें मल्टीपल च्वाइस सवाल पूछे गए। फाइनल में ऐसे सवाल नहीं पूछ सकते। इसी तरह बड़े सवालों के लिए ऑनलाइन परीक्षा होगी तो फिर लिखकर उसे अपलोड करने में भी समस्या होगी। इस लिहाज से भी ऑफलाइन अच्छा है।
अप्रैल में परीक्षाएं संभव:-
सीजी बोर्ड से जुड़े सरकारी स्कूलों में भी 9वीं-11वीं की परीक्षा ऑफलाइन ही होने की पूरी संभावना है। यह परीक्षा भी स्कूल स्तर पर होगी और स्कूल ही इसका पेपर तैयार करेंगे। वे परीक्षा का आयोजन करेंगे और रिजल्ट भी जारी करेंगे। बोर्ड एग्जाम 15 अप्रैल से शुरू होने वाली है। इससे देखते हुए 9वीं-11वीं की परीक्षाएं अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है।



