अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, पहले पटका पत्थर की चक्की पर, बेहोश हुई तो घोंट दिया गला..

शेयर करें...

कवर्धा// बुधवार को एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पहले उसका सिर पत्थर की चक्की पर पटका। जब महिला बेहोश हो गई तो बच्चों के सामने ही उसका गला घोंट दिया। इसके बाद आरोपी पति गांव में घूमने के लिए निकल गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडरिया अस्पताल भेजा गया है। पति को महिला पर अवैध संबंधों का शक था।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक, कुकदूर क्षेत्र में ग्राम पंचायत सरईसेत के छिंदीपारा गांव निवासी अशोक साहू (29) और उसकी पत्नी सरस्वती साहू (25) का बुधवार सुबह करीब 9 बजे किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। दोनों के बीच बात इतनी ज्यादा बढ़ी कि अशोक ने आंगन में रखी गेहूं पीसने वाली हाथ चक्की के पत्थर पर सरस्वती का सिर पटक दिया। तेज चोट लगने से सरस्वती बेहोश हो गई। इसके बाद अशोक ने उसका गला दबाकर मार डाला।

बच्चों के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो पता चला

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। अशोक को संदेह था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं। दोनों के दो बच्चे भी हैं। 7 साल की एक लड़की है और ढाई साल का लड़का है। उनके सामने ही हत्या हुई है। इसके बाद आरोपी गांव में घूमने के लिए चला गया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो वारदात का पता चला। इसके बाद कोटवार को सूचना दी गई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

परिवार से अलग रहते थे दोनों

पुलिस ने बताया कि दोनों का परिवार दूसरे गांव में रहता है। परिवार से नहीं बनने के कारण अशोक अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर छिंदापानी रहने के लिए आ गया था। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम होगा। बच्चे अभी गांव वालों के पास हैं। मकान को सील कर दिया गया है।

Scroll to Top