अपनी बदहाली पर आंसू बहाता बोन्दा-पिहरा पहुंच मार्ग, जान जोखिम में डालकर लोग आवागमन करने मजबूर, अधिकारी व जनप्रतिनिधि बने मूकदर्शक…

शेयर करें...

रायगढ़// जिले के बरमकेला क्षेत्र में बहुत सी सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है पर इस ओर ध्यान देने वाला कोई नही है। जिससे आए दिन लोग सड़क हादसों के शिकार हो रहे है।

Join WhatsApp Group Click Here

चुनाव के वक्त बड़े-बड़े वादे करने वाले स्थानीय नेता भी अब चुनाव जीतने के बाद अपने घर में एसी की हवा खाते आराम फरमा रहे हैं और क्षेत्र की जनता परेशान हो रही है। वही बोन्दा से पिहरा जाने वाली सड़क भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। जिसके चलते यहां के लोग अपनी जान हथेली में रखकर इस सड़क से आवागमन करने मजबूर है।

वर्तमान में बोंदा-पिहरा पहुंच मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। वहीं इन गड्ढे पर बरसाती पानी का जमा होने की वजह से पूरी तरह कीचड़ से लथपथ हो गया है। जिसकी वजह से ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर इस सड़क से आवागमन करना पड़ रहा है।

गांव में बनाया गया है रेतघाट, गाड़ियों का लग रहता है मेला..

आपको बता दें कि महानदी के किनारे बसे ग्राम पिहरा को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए एक मात्र ही सड़क बनाया गया है जिसे लगभग सात साल पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल कर पक्की सड़क का निर्माण करवाया गया था। वहीं दूसरी ओर पिहरा में ही महानदी पर रेतघाट भी है ऐसे में सड़क बनते ही दिन रात रेत ढोने वाले ट्रैक्टर डम्पर जैसे वाहनों का मेला सा लगा रहा जिसके कारण कुछ दिनों के बाद ही रोड ने अपना दम तोड़ने शुरू कर दिया और देखते ही देखते गड्ढो में तब्दील हो गया। बावजूद इसके रेतघाट में वाहनों का आना जाना कम नही हुआ जिसका खामियाजा गांव के स्कूली बच्चों सहित रहवासियो को चुकाना पड़ रहा है।

पिहरा गांव के रहवासियो ने बताया कि ग्राम पंचायत की सरपंच सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधियो से उनके द्वारा लिखित और मौखिक मांग की जा चुकी है पर गड्ढों को भरकर लीपा पोती का काम ही अबतक किया गया है। इन सब से नाराज पिहरा के स्कूली बच्चों ने दो साल पहले चक्का जाम कर दिया था। जिसके बाद मौके पर सरिया पुलिस पहुंची और ग्राम पंचायत द्वारा सड़क की मरम्मत कराने की बात पर जाम खत्म किया गया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा भी मरम्मत के नाम पर मुरुम से गढ्डो को पाट दिया गया। पर 1 बरसात के जाने और दूसरे बरसात के शुरुवाती दौर में ही गड्ढों में पाटा हुआ मुरुम पूरक तरह से बह गया साथ ही गड्ढों में पानी भर गया वर्तमान में आलम यह है कि सड़क पूरी तरह से जानलेवा रूप ले चुकी है।

गांव में फल-फूल रहा महुआ शराब का कारोबार…

इतना ही नही गांव में आवागमन बाधित होने की वजह से पुलिस पेट्रोलिंग की टीम भी यहां आते जाते नहीं जिसका नाजायज फायदा ग्राम पंचायत के आपराधिक प्रवित्ति के लोग उठा रहे है। ग्रामीणों ने बताया कि पिहरा गांव में अवैध महुआ शराब का कारोबार भी तेजी से फल फूल रहा है। जिसकी वजह से आसपास सहित गांव में शराबियो का अड्डा बना रहता है। मगर बदहाल सड़क की वजह से सरिया थाना की टीम को जानकारी होते हुए भी किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

ऐसा नहीं है कि अपनी समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों द्वारा आवाज नहीं उठाया जाता स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत किया जा चुका बावजूद इसके सड़क मरम्मत के नाम पर इनको झुनझुना ही थमाया जाता है।

बहरहाल ग्रामीणों की समस्या को तो हमने सबके सामने प्रमुखता से रख दिया है वहीं विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया जाएगा ऐसे में देखने वाली बात होगी कि कबतक इस समस्या का समाधान किया जाता है ताकि ग्राम पंचायत पिहरा के लोग भी समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें।

Scroll to Top