शेयर करें...
कोरबा// जिले में मोहल्ले से शुरू हुई एक दोस्ती पहले प्यार में बदली और फिर थाने के लॉकअप पहुंच कर खत्म हो गई। युवक ने मोहल्ले की ही रहने वाली 17 साल की एक लड़की से शादी की बात कही। उसे साथ लेकर अपने घर पहुंचा तो परिजनों ने भगा दिया। इस पर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। पुलिस को पता चला तो वह भी पहुंच गई। पुलिस को देखते ही लड़की को छोड़ युवक भाग निकला। हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर क्षेत्र के गायत्री नगर में रहने वाली 17 साल की लड़की मंगलवार को लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। इस पर परिजन शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। पुलिस ने तलाश शुरू की गुरुवार के लड़की के रेलवे स्टेशन पर देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस पहुंची तो लड़की के साथ एक लड़का था। वह पुलिस को देखते ही लड़की को छोड़ भाग निकला।
एक महीने पहले हुई थी दोस्ती, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने लड़की से पूछताछ की तो पता चला कि लड़का सुफल दास (22) उसके मोहल्ले में ही रहता है। दोनों के बीच करीब एक माह से दोस्ती थी। सुफल ने उसे शादी का झांसा दिया और साथ चलने की बात कही। उसकी बातों में आकर लड़की घर से निकल गई। इस पर पुलिस ने दबिश देकर सुफल को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि लड़की को लेकर घर गया था, लेकिन परिजनों ने डांट कर भगा दिया। इसके चलते वह उसे बाहर ले जा रहा था।