बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत ‘‘चाईल्ड लाईन से दोस्ती अभियान’’ का हुआ शुभारंभ

शेयर करें...

Join WhatsApp Group Click Here

मुंगेली// पुलिस प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सभागृह में बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत ‘‘चाईल्ड लाईन से दोस्ती अभियान’’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा छत्तीसगढ़ी वेशभूषा और परिधान में रंगारंग मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष थानेश्वर साहू ने कहा कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का जन्मदिन और उनका बच्चों से विशेष लगाव होने के कारण आज के दिन को ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज का पूरा दिन बच्चों के लिए समर्पित होता है। उन्होंने बाल सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन के पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस विभाग द्वारा बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप शासन व प्रशासन द्वारा बच्चों के लिए कई योजनाएं और कार्यक्रम संचालित की जा रही है। इन योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ लेने हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को बाल दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।जिला पंचायत अध्यक्ष लेखनी सोनू चंद्राकर ने कहा कि आज बहुत खुशी की बात है के भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बाल सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया है। यह कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। इसके तहत बच्चों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बच्चों की सुरक्षा के लिए चाईल्ड हेल्प लाईन नम्बर 1098 का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी बच्चा किसी मुसीबत में फंस जाए, किसी व्यक्ति द्वारा प्रताड़ित किया जाए, बीमार हो जाए या अन्य समस्या आने पर इस नंबर पर फोन कर सकता है। यह नंबर निःशुल्क है। उन्होंने कहा कि इस नंबर पर फोन करने वाले बच्चे की चाईल्ड लाईन सदस्यों द्वारा मौके पर पहुंचकर मदद की जाती है।

नगर पालिका अध्यक्ष हेमेन्द्र गोस्वामी ने कहा कि चाचा नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया है। उन्होंने इसके लिए पुलिस प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए संचालित ‘‘अभिव्यक्ति एप’’ के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस एप के माध्यम से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर आनलाईन जानकारी दी जा सकती है, जिस पर पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित मदद किया जाएगा। कलेक्टर राहुल देव ने कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई करने से मस्तिष्क का विकास होता है, वहीं खेल-कूद से शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि बड़े होकर भी अपने दिल को बच्चे की तरह रखना, जब मन में बचपना रहेगा, तो उत्साह रहेगा और उमंग रहेगा। कोई भी कार्य आसानी से तथा बेहतर तरीके से हो सकेगा और जिंदगी में नया मुकाम हासिल होगा। उन्होंने सभी बच्चों को बाल दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी और हमेशा अपनी संस्कृति से जुड़कर कार्य करने की समझाईश दी। कलेक्टर ने बच्चों की जिद पर गाना भी गाया।

पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह ने कहा कि आज भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन है और इस दिन को बाल दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत चाईल्ड लाईन से दोस्ती अभियान के शुभारंभ का मुख्य उद्देश्य बच्चों और पुलिस के बीच दूरी को कम करना है। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, सशक्त और निर्भीक बनाना है। इसके साथ ही बच्चों में पुलिस के भय को कम करना और उन्हें पुलिस के कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। चाईल्ड लाईन का प्रचार-प्रसार करना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।

आस्था समिति के अध्यक्ष दौलतराम कश्यप ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि बाल सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 14 नवंबर से 20 नवंबर तक विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करने वाले बालक-बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजीत बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक, विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Scroll to Top