ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री : CM बघेल का बयान “हाईकमान के कहने पर जिम्मेदारी मिली, हाईकमान कहेगा तो हट जायेंगे”

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री के फॉर्मूले पर चर्चा थम नहीं रही है। हिमाचल और दिल्ली प्रवास से लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भी शनिवार को इस मुद्दे से जुडे़ सवाल से सामना हुआ। बघेल ने कहा, बार-बार पूछे जा रहे इस सवाल का एक ही जवाब है, जिम्मेदारी हाईकमान ने दी है, जब कहेगा हट जाएंगे।

Join WhatsApp Group Click Here

एआईसीसी के निर्देश पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शन के लिए कल शिमला पहुंचे थे। आज दिल्ली में उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार के नए कार्यक्रमों-नीतियों और सफलताओं की जानकारी दी। उसके अलावा प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और संगठन की गतिविधियों पर भी बात हुई है।

रायपुर में पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, किसी भी व्यक्ति को पार्टी के अंदर जो जिम्मेदारी दी जा रही है, वह उसका निर्वहन कर रहा है। बार-बार मीडिया के द्वारा यह सवाल बार-बार उठाया जाता है तो बार-बार वही जवाब आएगा कि हाईकमान ने जिम्मेदारी दी है, वह जब कहेंगे तब हट जाएंगे। अब 2 धन 2 तो 4 ही होगा। चाहे एक बार पूछो या 100 बार, लाख, करोड़, अरबों-खरबों बार पूछो तो भी 2 धन 2 बराबर 4 ही हाेगा। वह घिसके पौने चार अथवा बढ़के सवा चार नहीं हो जाएगा।

बताते चलें कि कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण के साथ ही एक चर्चा चल रही है कि कांग्रेस हाईकमान ने भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री रहने का समझौता कराया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कह चुके हैं कि ऐसा कोई समझौता वजूद में नहीं है। आज भी जब मुख्यमंत्री अपनी बात कह रहे थे स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव साथ में ही खड़े थे।

सोनिया गांधी के साथ निगम-मंडलों की सूची पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया, राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान उन्होंने निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए प्रस्तावित सूची पर भी बात की है। उन्होंने कहा, सूची तैयार है। जब वहां से अनुमोदित होकर आ जाए नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएंगे। सरकार के बहुत से निगम-मंडल और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियां बाकी हैं। कांग्रेस नेता यहां पद मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

Scroll to Top