सारंगढ़ में अवैध रेत उत्खनन का आरोप, कार्रवाई नहीं हुई तो धरना देगी कांग्रेस..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ// सारंगढ़ क्षेत्र के रेत घाटों में कथित अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर कांग्रेस परिवार ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सारंगढ़ क्षेत्र की कई रेत खदानों में लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है। डंपरों के जरिए खुलेआम रेत का परिवहन किया जा रहा है। कई वाहनों में नंबर प्लेट तक नहीं होने की बात कही गई है, जिससे नियमों की अनदेखी साफ दिखाई देती है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि रेत घाटों पर अवैध वसूली की जा रही है, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है।

धरना देने की चेतावनी

कांग्रेस परिवार ने साफ कहा है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सुरज तिवारी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश श्रीवास, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज, मंडल अध्यक्ष राजू यादव और मंडल अध्यक्ष अश्वनी चंद्रा मौजूद रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Scroll to Top