नगर पालिका अध्यक्ष बर्खास्त, कागजों में नाली निर्माण कर 13 लाख रुपए का किया भ्रष्टाचार, 4 महीने बाद किया था सरेंडर..

शेयर करें...

मुंगेली// मुंगेली जिले में कागजों में नाली निर्माण मामले में आरोपी बीजेपी नगर पालिका अध्यक्ष संतूलाल सोनकर को अब बर्खास्त कर दिया गया है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन विभाग के उपसचिव ने पत्र जारी किया है। इस मामले में कलेक्टर का कहना है कि सरकार से दिशा निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

Join WhatsApp Group Click Here
संतुलाल सोनकर

संतूलाल सोनकर पर 13 लाख रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप था। इस मामले में कलेक्टर के निर्देश पर अध्यक्ष समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही संतूलाल फरार चल रहा था। वहीं अन्य 5 आरोपी अब भी फरार हैं। सोनकर ने 20 दिन पहले ही कोर्ट में सरेंडर किया था। जिसके बाद से वह जेल में बंद है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, मुंगेली नगर पालिका क्षेत्र के परमहंस वार्ड में नाली निर्माण किया जाना था। इसके लिए सोफिया कंस्ट्रक्शन को काम दिया गया था। बाद में इस मामले में यह बात सामने निकलकर आई कि ठेकेदार ने तो सिर्फ कागजों में ही नाली निर्माण किया। इतना ही नहीं यह भी पता चला कि नाली निर्माण में नगर पालिका से 13 लाख रुपए भी ले लिए गए। इसमें जो चौंकाने वाली बात सामने आई कि ठेकेदार को नगर पालिका कार्यालय से जो चेक जारी किया गया था, उसमें तत्कालीन प्रभारी CMO विकास पाटले और नगर पालिका अध्यक्ष संतूलाल सोनकर के हस्ताक्षर थे। इसके बाद इस मामले में इनकी भूमिका पर सवाल उठ रहे थे। कांग्रेस नेताओं की शिकायत के बाद यह पूरा मामला सामने आया था।

जुलाई में एसडीएम ने मामले की जांच कर इसकी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी थी। फिर कलेक्टर ने नगर पालिका अध्यक्ष संतूलाल सोनकर, तत्कालीन CMO विकास पाटले, तत्कालीन सब इंजीनियर जोएस तिग्गा, तत्कालीन सहायक राजस्व निरीक्षक सियाराम साहू, लेखपाल आनंद निषाद और सोफिया कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार वसीम खान को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन सभी 6 लोग इस मामले में उचित जवाब नहीं दे सके। जिसके चलते इनके खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए। केस दर्ज होने के बाद से सभी फरार हो गए थे। बाद में सोनकर ने सरेंडर कर दिया था।

नगर पालिका में सीटों की संख्या

मुंगेली नगर पालिका में कुल 22 वार्ड हैं। इनमें से 11 वार्डों में बीजेपी,10 वार्डों में कांग्रेस, जबकि एक निर्दलीय पार्षद चुनकर आया था। बहुमत के हिसाब से बीजेपी ने यहां अपना नगर पालिका अध्यक्ष संतूलाल सोनकर को चुना था। अब नगर पालिका अध्यक्ष को बर्खास्त करने के बाद बीजेपी के पार्षदों की संख्या 10 रह गई है। यहां अब नए नगर पालिका अध्यक्ष को चुना जाएगा। पूरा मामला उजागर होने के बाद कांग्रेस ने संतूलाल सोनकर को हटाने की मांग की थी।

Scroll to Top