छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में छाए बादल, मौसम वैज्ञानिक बोले 5 दिनों के भीतर होगी तेज बारिश, फसलों को हो सकता है बड़ा नुकसान..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ में शनिवार की सुबह से ही मौसम में नमी है। आसमान में घने बादल छाए हैं। शाम तक खिली धूप के दर्शन नहीं हो सके हैं। रायपुर, महासमुंद, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर, जीपीएम समेत कई जिलों में यही हाल है। सुबह कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई है। हल्की फुहारों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है शुक्रवार को पड़े आसमानी छींटे सिर्फ ट्रेलर हैं। असल पिक्चर अब भी बाकी है। प्रदेश में 5 दिनों के भीतर तेज बारिश के आसार नजर आ रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

रायपुर के वेदर कंट्रोल रूम में मौसम के हाल का जायजा लेने के बाद मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया है कि शनिवार को हुई हल्की बारिश से खड़ी फसलों को कुछ नहीं होगा। हां, यदि कटा हुआ धान भीगा हो तो इससे नुकसान हो सकता है। हमने पाया है कि प्रदेश के कई जिले जैसे रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर के हिस्सों में बारिश हो सकती है। 18-19 नवंबर को तेज बारिश की संभावना है। इस बारिश से खेतों में खड़ी फसल और कट चुकी फसल को नुकसान हो सकता है।

इस वजह से बदल रहा मौसम

हवा का एक चक्रवाती घेरा तमिलनाडु और उसके आसपास स्थित है। इस वजह से प्रदेश में कल 14 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। चक्रवात का घेरा अंडमान सागर और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 15 नवंबर को पहुंच सकता है। यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 48 घंटे में आंध्रप्रदेश के तट पर जाएगा। इसी के प्रभाव से प्रदेश में 18 और 19 नवंबर को बारिश होगी।

किसानों के लिए मुश्किल भरे हालात

प्रदेश में 70 प्रतिशत किसानों ने कटाई के बाद धान की फसल को अपने पास ही रखा है। अधिकांश गांवों में धान की ये फसल खुले में रखी हैं। प्रदेश में 1 दिसंबर से धान खरीदी होगी। तब तक किसान अपनी फसल को मौसम की मार से कैसे बचाएंगे ये डर उन्हें सता रहा है। इसी वजह से प्रदेश का विपक्षी दल भाजपा भी सरकार को कोस रहा है। बारिश के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक राज्य में 1141.9 मिमी से ज्यादा औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। कोरबा जिले में सबसे ज्यादा 1548.9 मिमी और महासमुंद जिले में सबसे कम 936.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।

Scroll to Top