अलाव जलाकर सो गए किसान दंपत्ति, खेत मे लग गई आग जिसमे जलने से दोनों की मौत..

शेयर करें...

बलरामपुर// बलरामपुर जिले से हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ खलिहान में आग लगने से किसान दंपति की जलकर मौत हो गई। बलरामपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सामरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमीरापाट गांव के खलिहान में किसान मरियानुस बड़ा (57) और उसकी पत्नी विजय बड़ा (55) फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान आग लगने से जलकर दोनों की मौत हो गई।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मरियानुस और उनका परिवार जमरीपाट गांव में खेती किसानी करता है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मरियानुस और उसकी पत्नी विजय खलिहान में धान की रखवाली करने गए थे। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड की वजह से किसान दंपति वहीं अलाव जलाकर सो गए। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद खलिहान में आग लग गई और वहां रखे फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जब घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को मिली तब वह और मरियानुस का बेटा अरविंद वहां पहुंचे। लेकिन तब तक विजय की मौत हो चुकी थी। वहीं मरियानुस गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना कर दिया गया था। बाद में पुलिस दल ने घटनास्थल से किसान की पत्नी का शव बरामद कर लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मरियानुस को अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया। रायपुर ले जाते समय रास्ते में मरियानुस की भी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Scroll to Top